देशभर की तरह मध्यप्रदेश में भी शादी के नाम पर हो रहे धोखे के कई केस सामने आ रहे हैं. ऐसा ही एक मामला बड़वानी में भी हुआ है. शनिवार को जिले के राजपुर क्षेत्र में एक युवक दूल्हा बनकर गाजे-बाजे लेकर धूमधाम से दुल्हन के घर बारात लेकर पहुंचा, लेकिन वहां सन्नाटा पसरा मिला। दुल्हन के घर ताला लटका दिखते ही उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी समझ आई और दूल्हे की वेशभूषा में ही थाने पहुंच शिकायत दर्ज कराई और आवेदन दिया।
क्षेत्र सहित जिले में लुटेरी दुल्हनों के कई मामले आए दिन सामने आ रहे है। दूल्हा बने भरत निवासी धरमपुरी ने पुलिस को सौंपे शिकायती आवेदन में बताया है कि माया रमेश नामक युवती से उसकी शादी तय हुई थी। समाज के रिवाज के अनुसार युवती के परिजनों को एक लाख नकद भी दिए थे। वहीं शनिवार को विवाह होना था। आज जब वो विवाह के लिए बारात लेकर गया तो दुल्हन और उसका परिवार गायब मिला। साथ ही जहां वो रह रहे थे, उस घर पर तो ताला लटका मिला। बता दें कि गत माह ही कोतवाली पुलिस ने गुजरात निवासी एक युवक की शिकायत की विवेचना करते हुए लुटेरी दुल्हन की एक गैंग का खुलासा कर तीन आरोपितों को पकड़ा था। वहीं मामले में रिश्तेदारी करवाने वाला बिचौलिया अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।
मामले को लेकर राजपुर थाने के उपनिरीक्षक श्याम यादव ने बताया कि आज एक दूल्हा व उसके परिजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वो बारात ले कर अपने परिजनों के साथ राजपुर आया था, लेकिन दुल्हन के घर ताला लगा मिला। वहीं दूल्हे से एक लाख रुपए लेने की बात भी सामने आई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।