धरने पर बैठी पहलवान विनेश फोगाट ने मीडिया से कहा जब हमने मेडल जीते थे तब कभी ये नहीं सोचा था कि एक दिन हमें यह दिन भी देखना पड़ेगा। क्या यही दिन देखने के लिए हमने मेडल जीते थे? इतना कहकर कैमरे के सामने ही विनेश फोगाट फफक-फफक कर रो पड़ीं।

जी हां दिल्ली के जंतर-मंतर पर रेसलर्स विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार देर रात विनेश फोगाट दिल्ली पुलिस के साथ हुए विवाद के बाद रो पड़ीं। देर रात एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विनेश ने कहा, जब हमने देश के लिए मेडल जीते थे तब कभी नहीं सोचा था कि एक दिन हमें भी यह दिन देखना पड़ेगा। मैं तो कहुंगी की देश के किसी भी खिलाड़ी को देश के लिए मेडल नहीं जीतना चाहिए।

विनेश फोगाट ने कैमरे के सामने रोते हुए कहा, बारिश की वजह से जहां हम अब तक जमीन में सो रहे थे वहां पर पानी भर गया जिसके लिए हमने अपने सोने के लिए चारपाई मंगाई, लेकिन पुलिस ने हमें वह चारपाई नहीं लाने दी।

धरने पर बैठी शीर्ष पहलवान विनेश ने दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा, नशे में धुत एक पुलिसकर्मी ने हमारे साथ बदतमीजी की। उन्होंने मीडिया से कहा, हम अपने मान-सम्मान की लड़ाई लड़ रहे हैं और उस लड़ाई का सिला यह है कि यहां पर पुलिस वाले ने हमें चेस्ट से धक्का दिया।

विनेश ने आगे कहा, इतने कांड करने के बाद भी वो बृजभूषण अपने घर में आराम से सो रहा है लेकिन हमें यहां ऐसी हालत में रहना पड़ रहा है। हम जब अपने सोने के लिए प्लाई से बनी चारपाई मंगा रहे थे तो पुलिस वालों ने हमसे कहा, सो जाओ ! मर जाओ।

पुलिस उपायुक्त (नयी दिल्ली) प्रणव तायल ने कहा, आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती बिना अनुमति के ‘फोल्डिंग’ (मुड़ सकने वाली) चारपाई लेकर प्रदर्शन स्थल पर आए। तायल ने कहा कि इस बारे में सवाल किए जाने पर भारती के समर्थक आक्रामक हो गए और ट्रक से चारपाइयां उतारने की कोशिश करने लगे अधिकारी ने बताया कि इसके बाद मामूली कहासुनी हुई तथा भारती और दो अन्य को हिरासत में ले लिया गया।