कभी चंबल में आतंक का पर्याय रहे दस्यु सरदार मलखान सिंह की पत्नी ललिता सिंह मध्य प्रदेश के आरोन तहसील की ग्राम पंचायत सुनगयाई से निर्विरोध सरपंच चुनी जा चुकी हैं। पूर्व दस्यु सरदार मलखान सिंह भी विधायक बनने का सपना पाले हुए हैं। इसके लिए मलखान सिंह पहले बीजेपी से संपर्क भी कर चुके हैं लेकिन तब उनकी बात नहीं बनी थी। 

 

 

पूर्व दस्यु सरदार मलखान सिंह अब  अपने सपने को अपनी पत्नी के मार्फत पूरा कर सकते हैं। मलखान सिंह की पत्नी गुना जिले की सुनगयाई ग्राम पंचायत से निर्विरोध सरपंच चुनी जा चुकी हैं। इससे पहले मलखान सिंह भी इसी पंचायत से सरपंच रह चुके हैं। अब मलखान सिंह के करीबियों की मानें तो अब मलखान अपना सियासी कद और रुतबा बढ़ाना चाहते हैं।  
 
ललिता सिंह ग्राम पंचायत सुनगयाई में अनारक्षित सीट से सरपंच पद की उम्मीदवार थीं । इसी ग्राम पंचायत से उनके पति पूर्व दस्यु सम्राट मलखान सिंह ने भी पर्चा दाखिल किया था लेकिन मलखान सिंह और ग्रामीणों ने मिलकर फैसला लिया कि सुनगयाई ग्राम पंचायत की कमान महिलाओं के हाथ में सौंपनी चाहिए । इसके चलते ग्राम पंचायत के 12 वार्डों में पंच के पद पर सभी उम्मीदवार महिलाएं ही रही और सब निर्विरोध चुन ली गईं ।

आरक्षण प्रक्रिया के बाद ही पंचायत के लोगों ने फैसला लिया था कि इस पंचायत को पूरी तरह से महिलाओं के लिए आरक्षित रखा जाए। पूर्व दस्यु मलखान सिंह ने अपना नामांकन इसलिये दाखिल किया कि अगर किसी वजह से उनकी पत्नी का पर्चा खारिज हो जाए तो वे दावेदार बने रहें  लेकिन इसकी जरुरत नहीं पड़ी और मलखान सिंह की पत्नी ललिता सिंह निर्विरोध सरपंच बन गईं।