उत्तरप्रदेश की पुलिस द्वारा लोक कलाकार सिंगर नेहा सिंह राठौर को दिए गए नोटिस का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अब इस मामले पर सियासत भी शुरू हो गई है। कांग्रेस प्रवक्ता द्वारा इस मामले में गीतकार मनोज मुंतशिर का नाम भी घसीटा गया है जिस पर मनोज ने करारा जवाब दिया है।
दरअसल नेहा सिंह को नोटिस दिए जाने पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने मनोज मुंतशिर पर भी उंगली उठा दी। उन्होंने नेहा सिंह को दिए गए नोटिस को शेयर करते हुए लिखा कि- भाजपा सरकार लोक कलाकारों की ज़बान पर ताला लगा रही है! क्या नेहा सिंह को अभिव्यक्ति की आज़ादी नहीं है? या सिर्फ़ मनोज मुंतशिर जैसे चाटुकार कवि चाहिये भाजपा को?
कांग्रेस प्रवक्ता के इस ट्वीट पर मनोज ने भी पलटवार किया। उन्होंने लिखा- सत्य वचन. मैंने तेरी मिटटी, देश मेरे और माटी को कोई माँ कहता है लिख कर भारत के फ़ौजियों की चाटुकारी की है। इंडिया आइडोल पर कविताएँ सुनाकर देश की हर माँ की चाटुकारी करता हूँ और जब तक
भाजपा मेरे भारत और सनातन की सेवा में रत है, BJP की चाटुकारी भी करता रहूँगा. जय हिन्द! .
गौरतलब है कि नेहा सिंह राठौर को नोटिस दिए जाने का मामला उनके गीतों से जुड़ा हुआ है। नेहा सिंह अपने गानों को यूट्यूब और ट्विटर पर शेयर करती हैं। उनके गानों में सरकार पर तंज होता है। हाल ही में एक गाना उनका आया है जो 'यूपी में का बा सीजन 2' है। नोटिस में लिखा गया है कि उनके गीत ने समाज में वैमनस्य फैलाने का काम किया है।