बालाघाट.मध्यप्रदेश में सोमवार को प्रसव का बहुत दुर्लभ व अनोखा मामला सामने आया। यह वाकया बालाघाट जिले का है जहां के जिला अस्पताल में एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है। महिला को तीन पुत्र पैदा हुए हैं और इनके साथ ही एक पुत्री भी आई है। महिला का इलाज और प्रसव करने वाली डॉक्टरों की टीम के साथ ही महिला के परिजनों ने भी चार बच्चों के जन्म पर खुशी जताई है. डॉक्टरों के अनुसार जिले में एक बार में 4 बच्चों को जन्म देने का यह पहला केस है. जिला अस्पताल में अभी तक उनकी जानकारी में ऐसा नहीं हुआ है. अच्छी बात यह है कि चारों बच्चे और मां भी पूरी तरह स्वस्थ हैं। मेडिकल साइंस में ऐसा प्रसव बेहद कठिन माना जाता है पर जिला अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने महिला का सफल ऑपरेशन कर उपलब्धि हासिल की है।
किरनापुर तहसील के गांव जराही की गर्भवती प्रीति नंदलाल मेश्राम प्रसव के लिए जिला अस्पताल में भर्ती थी. 26 वर्षीय प्रीति नंदलाल ने सोमवार सुबह को एक साथ 4 बच्चों को जन्म दिया। इन बच्चों में तीन लड़के हैं और 1 लड़की है। प्रसव के बाद चारों बच्चों को एक साथ देखकर उनकी मां और परिजन आश्चर्यमिश्रित खुशी से भर उठे. बच्चों के साथ उनकी माता भी पूरी तरह स्वस्थ हैं। बताते हैं कि बालाघाट जिले में एक साथ 4 बच्चे पहली बार जन्मे हैं और सभी स्वस्थ भी हैं। जिला अस्पताल के डॉक्टरों के लिए यह चुनौती थी पर टीम ने बहुत कठिन परंतु सफल ऑपरेशन किया।
महिला के परिजनों ने एक साथ 4 बच्चे होने पर खुशी जताई. महिला े परिजनों ने कहा कि हमें तो चार गुनी खुशी मिली है। सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ संजय धबड़गांव ने बताया कि इस खास काम के लिए अस्पताल के डाक्टर्स की विशेष यूनिट बनाई थी. विशेषज्ञ टीम में डॉ. रश्मि वाघमारे और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. दिनेश मेश्राम, स्टाफ सिस्टर सरिता मेश्राम भी शामिल थीं. उनकी टीम ने कुशलता के साथ सुबह 11 बजे प्रीति मेश्राम का ऑपरेशन किया। प्रसव के बाद चारों बच्चों को एनसीयू में भर्ती किया गया है। वर्तमान में चारों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं।