विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया और स्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पवार ने विजय चौक से निर्माण भवन दिल्ली तक पैदल यात्रा में भाग लिया.

WHO द्वारा हर साल 7 अप्रैल को पूरे विश्व भर में विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है. विश्व स्वास्थ्य संगठन इस दिन (विश्व स्वास्थ्य दिवस 2023) का आयोजन स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों के बारे में लोगों में जागरूकता फैलाने और चिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे शोध और नई दवाओं के बारे में लोगों को जानकारी देने के उद्देश्य से करता है. 

विश्व स्वास्थ्य दिवस की शुरुआत WHO के स्थापना दिवस के रूप में हुई थी. हर साल इस दिन के लिए एक थीम तय की जाती है और उसी के आधार पर इस दिन होने वाले कार्यक्रमों की योजना बनाई जाती है.

विश्व स्वास्थ्य दिवस थीम 2023-

WHO यानी विश्व स्वास्थ्य संगठन हर साल विश्व स्वास्थ्य दिवस की थीम तय करता है और उसी के आधार पर इस विश्व स्वास्थ्य दिवस को मनाया जाता है. इस साल विश्व स्वास्थ्य दिवस की थीम ‘‘हेल्थ फॉर ऑल’’ है. 

जो इस विचार को दर्शाता है कि स्वास्थ्य एक बुनियादी मानव अधिकार है. जब भी किसी को स्वास्थ्य से संबंधित किसी मदद की आवश्यकता हो तो उसे बिना किसी आर्थिक कठिनाई के सुविधा प्राप्त होनी चाहिए.

WHO के अनुसार- स्वास्थ्य सुविधाओं से कई लोग वंचित 

WHO के मुताबिक, दुनिया भर के दो अरब लोग स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित हैं. इसका कारण यह है कि उनके पास स्वास्थ्य पर खर्च करने के लिए पैसा नहीं है. 

दुनिया भर में लगभग 930 मिलियन लोग अपने घरेलू बजट का दस प्रतिशत या उससे अधिक स्वास्थ्य पर खर्च करते हैं. जिससे उनकी आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है. अभी तक दुनिया की 30 प्रतिशत आबादी के पास आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच नहीं है.