Wrestlers Protest: हरियाणा के सोनीपत में शनिवार यानी 10 जून को पहलवानों के समर्थन में महापंचायत का आयोजन किया गया. इस बीच पहलवान साक्षी मलिक ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि हम एशियाई खेलों में तभी भाग लेंगे जब इन सभी मुद्दों का समाधान हो जाएगा. आप नहीं समझ सकते कि हम हर दिन मानसिक रूप से हम किस दौर से गुजर रहे हैं.
पहलवान लंबे समय से यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. साक्षी मलिक ने आगे कहा कि बृजभूषण सिंह को गिरफ्तार किया जाना चाहिए. बाहर रहेंगे तो डर का माहौल रहेगा. पहले गिरफ्तारी हो, फिर जांच प्रक्रिया शुरू की जाए.
जंतर-मंतर पर फिर होगा प्रदर्शन: बजरंग पूनिया
दूसरी ओर, महापंचायत में हरियाणा-पंजाब के खाप और किसान संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए. महापंचायत में बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक, सत्यव्रत कादियान और विनेश फोगाट के पति सोमवीर राठी भी शामिल होने पहुंचे.
इस दौरान बजरंग पुनिया ने महापंचायत में कहा, यह बृजभूषण से मेरी निजी लड़ाई नहीं है. यह लड़ाई बहन-बेटियों के सम्मान की है. हम 15 जून तक इंतजार करेंगे. हमारा आंदोलन खत्म नहीं हुआ है. अगर सरकार ने हमारी मांगें नहीं मानी तो हम 15 जून के बाद जंतर-मंतर पर अपना धरना फिर से शुरू करेंगे. बता दें कि हाल ही में पहलवानों ने खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ बैठक की थी. इसमें सरकार की ओर से 15 जून तक का समय मांगा गया था.