कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को 23 फरवरी गुरुवार के दिन सुबह कथित तौर पर दिल्ली से छत्तीसगढ़ जाने से रोक दिया गया. कांग्रेस ने दावा किया है कि पुलिस ने पवन खेड़ा को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लेने की कोशिश की. पवन खेड़ा को दिल्ली से रायपुर की फ्लाइट पकड़नी थी लेकिन उन्हें रायपुर जाने से रोक दिया गया. ताज़ा जानकारी के मुताबिक, असम पुलिस ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को गिरफ्तार कर लिया है. उन्हें दिल्ली की एक अदालत में पेश किया जाएगा और ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाया जाएगा.

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के खिलाफ एक विवादित टिप्पणी की थी. बीजेपी ने उनके खिलाफ कई जगहों पर शिकायत दर्ज कराई है. जानकारी के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम के बाद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता एयरपोर्ट पर रनवे के बगल में धरने पर बैठ गए हैं.
पवन खेड़ा का विवादित बयान-
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अडानी के मुद्दे को लेकर पीएम मोदी पर हमला बोल रहे थे तभी उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गलत नाम लिया था. कांग्रेस प्रवक्ता ने पीएम मोदी को 'नरेंद्र गौतम दास मोदी' कहकर संबोधित किया था. पवन खेड़ा के इस बयान के बाद उनके खिलाफ़ धारा 153 ए, 295 ए, और 505 के तहत कई जगह एफआईआर दर्ज कराई गई है.
कांग्रेस का बीजेपी पर वार-
कांग्रेस ने ट्वीट करते हुए बताया कि आज हम सभी Indigo की फ्लाइट से रायपुर जा रहे थे, तभी हमारे साथी पवन खेड़ा जी को झूठ बोलकर फ्लाइट से उतार दिया गया. पुलिस ने हमें बताया कि असम पुलिस ने FIR दर्ज की है लेकिन पुलिस के पास किसी भी प्रकार का कोई लिखित गिरफ्तारी ऑर्डर नहीं है. पहले छत्तीसगढ़ में नेताओं के यहां ED को भेजा गया. अब, कांग्रेस अधिवेशन में भाग लेने जा रहे पवन खेड़ा जी को फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया गया. ये तानाशाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. हम लड़ेंगे और जीतेंगे.
पवन खेड़ा का बयान आया सामने-
इस पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि मुझे कहा गया कि आपके सामान को लेकर कुछ समस्या है, जबकि मेरे पास केवल एक हैंडबैग है. जब फ्लाइट से नीचे आया तो बताया गया कि आप नहीं जा सकते हैं. फिर कहा गया- आपसे DCP मिलेंगे.मैं काफी देर से इंतजार कर रहा हूं. नियम, कानून और कारणों का कुछ अता-पता नहीं है.
फ़िलहाल, पवन खेड़ा द्वारा पीएम मोदी को लेकर दिए गए बयान पर राजनीति गरमाई हुई है. बीजेपी और कांग्रेस एक बार फिर आमने-सामने हैं. पवन खेड़ा के खिलाफ बीजेपी सड़कों पर उतरकर जमकर विरोध प्रदर्शन कर रही है. तो वहीं गृह मंत्री अमित शाह भी कांग्रेस पर हमलावर होते दिखाई दिए थे. इतना ही नहीं बीजेपी ने पवन खेड़ा के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में शिकायत भी दर्ज कराई है.