रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक बच्चे की तस्वीर पोस्ट की और लोगों से पूछा कि ये ट्रेन के कोच की सीट है या प्लेन की सीट? तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है कि “बेबी ऑन बोर्ड”..!
क्या है तस्वीर में ख़ास?
रेल मंत्री द्वारा ट्विटर पर शेयर की गई तस्वीर में ट्रेन के एक डिब्बे को अंदर से देखा जा सकता है. जिसमें रेल यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा देने के लिए रेलवे द्वारा तैनात किए जा रहे फ्यूचरिस्टिक रैक दिखाई दे रहे हैं. यह खासतौर पर उन यात्रियों के लिए है जो लंबी दूरी की यात्रा करते हैं.
साथ ही रेल मंत्री यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि ट्रेन के डिब्बों को फ्लाइट की सीटों की तरह आरामदायक बनाया गया है. मंत्री ने तस्वीर ट्वीट करते हुए लोगों से पूछा कि यह हवाई जहाज की सीट है या फिर ट्रेन की सीट? तस्वीर में एक छोटा बच्चा भी दिखाई दे रहा है.
तस्वीर को 3.8 M से अधिक बार देखा गया-
अश्विनी वैष्णव द्वारा शेयर की गई तस्वीर को अब तक 38 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और 48 हजार से ज्यादा लोगों ने लाइक भी किया है.

लोगों ने दिए मिले-जुले रिएक्शन-
मंत्री के इस ट्वीट पर कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. कई लोग रेलवे में हो रहे विकास कार्यों की तारीफ कर रहे हैं. तो वहीं कुछ लोग इसके जवाब में ट्रेन के जर्जर डिब्बों की तस्वीरें पोस्ट कर रहे हैं. साथ ही कई लोग रेल मंत्री के ट्वीट के जवाब में स्क्रीनशॉट के जरिए ट्रेन टिकट बुक करने में दिक्कत और रिफंड नहीं मिलने की शिकायत कर रहे हैं.
