Puri-Howrah Vande Bharat Express: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल के लोगों को 'वंदे भारत ट्रेन' का उपहार दिया है. पीएम मोदी ने वर्चुअली ओडिशा के पुरी-हावड़ा रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई. इस दौरान उन्होंने कहा, आज ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लोगों को 'वंदे भारत ट्रेन' का उपहार मिल रहा है. 'वंदे भारत ट्रेन' आधुनिक भारत और आकांक्षी भारतीय, दोनों का प्रतीक बन रही है. आज जब 'वंदे भारत' एक स्थान से दूसर स्थान पर यात्रा करते हुए गुजरती है तो उसमें भारत की गति और प्रगति दिखाई देती है.
देंखे लाइव वीडियो:
वंदे भारत ट्रेनें बन रही विकास का इंजन- पीएम
पीएम मोदी बोले, आज भारत अपनी आजादी का अमृत काल मना रहा है. भारत की एकता को और मजबूत करने का यह सही समय है. जितनी अधिक एकता होगी, भारत की सामूहिक क्षमता उतनी ही अधिक बढ़ेगी. ये समय आजादी के अमृतकाल का समय है, भारत की एकता को और मजबूत करने का समय है. जिनती ज्यादा एकता होगी, भारत का सामूहिक सामर्थ्य उतना ही ज्यादा शिखर पर पहुंचेगा.
उन्होंने कहा कि 'वंदे भारत ट्रेनें' इस भावना का भी प्रतिबिंब हैं. इस अमृतकाल में वंदे भारत ट्रेनें विकास का इंजन भी बन रही हैं और 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की भावना को भी आगे बढ़ा रही हैं. बीते वर्षों में भारत ने कठिन से कठिन वैश्विक हालातों में भी अपने विकास की गति को बनाए रखा है. इसके पीछे एक बड़ा कारण है कि इस विकास में हर राज्य की भागीदारी है, देश हर राज्य को साथ लेकर आगे बढ़ रहा.
देश में 15 वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं- पीएम
पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज का नया भारत टेक्नोलॉजी भी खुद बना रहा है और नई सुविधाओं को तेजी से देश के कोने-कोने में पहुंचा भी रहा है. ये वंदे भारत ट्रेन, भारत ने अपने बलबूते ही बनाई है. वंदे भारत एक्सप्रेस हावड़ा और पुरी के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जुड़ाव को और मजबूत करेगी. आज देश में 15 वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं, ये कनेक्टिविटी और देश की अर्थव्यवस्था दोनों को बढ़ावा दे रहे हैं.
उन्होंने कहा, भारत ने कोरोना जैसी महामारी की स्वदेशी वैक्सीन तैयार करके भी दुनिया को चौंका दिया था. इन सब प्रयासों में समान बात ये है कि ये सारी सुविधाएं किसी एक शहर या राज्य तक सीमित नहीं रहीं बल्कि सबके पास तेजी से पहुंचीं. हमारी 'वंदे भारत ट्रेनें' भी अब उत्तर से लेकर दक्षिण तक, पूरब से लेकर पश्चिम तक देश के हर किनारे को स्पर्श करती हैं.
2.5 करोड़ से अधिक घरों को दिया मुफ्त बिजली कनेक्शन- पीएम
पीएम मोदी बोले, सबसे चुनौतीपूर्ण समय में भी भारत ने अपनी विकास यात्रा को अक्षुण्ण रखा. इसके पीछे कारण रहा है सभी राज्यों की भागीदारी, सभी राज्यों के साथ मिलकर आगे बढ़ने का भारत का जज्बा, जहां infrastructure का विकास होता है, वहां लोगों का विकास भी तेजी से होता है. Infrastructure से लोगों का सिर्फ जीवन ही आसान नहीं होता बल्कि ये समाज को भी सशक्त करता है.
उन्होंने बताया कि 'पीएम सौभाग्य योजना' के तहत भारत सरकार ने 2.5 करोड़ से अधिक घरों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया है. इसमें ओडिशा के करीब 25 लाख और बंगाल के करीब सवा साठ लाख घर शामिल हैं. एक समय था जब कोई भी नई तकनीक विकसित होती थी या कोई नई सुविधा उपलब्ध होती थी तो वह दिल्ली या देश के बड़े शहरों तक ही सीमित रहती थी. आज वह समय है, जब भारत ने एक नई राह चुनी है. ये 'नया भारत' अपने आप तकनीक बना रहा है और अपने कोने-कोने में सुविधाएं दे रहा है.
पीएम मोदी ने कहा, भारत के तेज विकास के लिए, भारत के राज्यों का संतुलित विकास भी उतना ही आवश्यक है. आज देश का प्रयास है कि कोई भी राज्य संसाधनों के अभाव के कारण विकास की दौड़ में पिछड़ना नहीं चाहिए. कोई भी राज्य संसाधनों के अभाव में विकास की दौड़ में पीछे न रहे, इसके लिए आज भारत प्रयास कर रहा है. हमारी सरकार समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है.