Tripura Assembly Election 2023: त्रिपुरा विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने पूरी ताकत झोंक दी है. यहां लगातार बीजेपी के बड़े नेताओं की चुनावी रैलियां हो रही हैं. बीजेपी नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी रविवार (12 फरवरी) को चांदीपुर में विजय संकल्प रैली को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस और कम्युनिस्टों ने त्रिपुरा के विकास के लिए कुछ नहीं किया. बीजेपी ने सिर्फ 5 साल में ही विकास करके दिखा दिया.
देंखे लाइव-
विपक्ष पर हमला बोलते हुए अमित शाह बोले, कम्युनिस्टों के शासन में उन्होंने आदिवासियों के कल्याण के बारे में कभी नहीं सोचा. अब वे एक आदिवासी को सीएम उम्मीदवार बनाकर लोगों को बेवकूफ बनाना चाहते हैं. कांग्रेस और कम्युनिस्टों ने गठबंधन किया है जो इस बात का स्पष्ट संकेत है कि वे जानते हैं कि वे भाजपा के खिलाफ नहीं जीत सकते.
अमित शाह ने आगे कहा कि ये चुनाव त्रिपुरा के लिए निर्णायक चुनाव है. आपने कई सालों तक कांग्रेस का शासन देखा है, 27 साल तक वामपंथियों का शासन देखा है. ये दोनों ने त्रिपुरा के विकास के लिए, त्रिपुरा के गरीबों के लिए, जनजातियों के लिए कुछ नहीं किया. त्रिपुरा को जस का तस छोड़ दिया था. त्रिपुरा में अगर विकास आया तो केवल और केवल भाजपा के 5 साल के अंदर त्रिपुरा में विकास पहुंचा है.
अमित शाह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कम्युनिस्टों ने कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को मार डाला और आज वे एक गठबंधन बना रहे हैं. वे सब एक हैं और केवल भ्रष्टाचार कर सकते हैं. भाजपा सरकार ने आपको स्वास्थ्य बीमा देने का काम किया. सभी घरों में पीने का पानी पहुंचाया. गैस सिलेंडर पहुंचाया, शौचालय बनाने का काम किया और फ्री में अन्न देने का काम किया.
उन्होंने कहा कि अगर सबको सम्मान अधिकार देने का काम किया तो मोदी सरकार के नेतृत्व में माणिक साहा सरकार ने किया. पिछले 5 वर्षों में, हमने इस क्षेत्र में शांति लाई है. अगले वर्ष, हम पीएम मोदी द्वारा दिए गए फार्मूले, HIRA का पालन करके त्रिपुरा को समृद्ध बनाएंगे.