Tripura Assembly Elections 2023: त्रिपुरा विधानसभा चुनाव होने में अब महज पांच दिन ही बचे हुए हैं. मतदान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का त्रिपुरा दौरा ख़ूब सुर्ख़िया बटोर रहा हैं. पीएम मोदी ने राधाकिशोरपुर, त्रिपुरा से चुनावी हुंकार भरते हुए कहा कि आप इतनी दूर-दूर से NDA और भाजपा को आशीर्वाद देने आए हैं. उमंग और उत्साह से भरा यह मैदान बता रहा है कि चुनाव के नतीजे क्या होने वाले हैं.   

देंखे लाइव-

 

उन्होंने आगे कहा कि आपका रिकॉर्ड संख्या में यहां आना भाजपा सरकार की वापसी का ऐलान कर रहा है. आपकी संख्या देख हमारे विरोधियों की तो नींद ही खराब हो जाएगी. आज पूरा त्रिपुरा कह रहा है- एक ही नारा, एक ही जयघोष..! फिर एक बार-भाजपा सरकार. यह त्रिपुरा के लोगों का विश्वास ही था, जिसने हमें राज्य में विकास लाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित किया. मैंने हीरा के लिए वादा किया था, और आज उसी को सही ठहराते हुए, त्रिपुरा में विकास और समृद्धि अद्वितीय है.

पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और वामपंथी शासन में हजारों गांव सड़क से भी वंचित रह गए थे. लेकिन पिछले 5 साल में हमारी सरकार ने लगभग 5000 गांवों को सड़कों से जोड़ा है. हमने अपने सभी वादों को पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत की है. यहां के लोग त्रिपुरा के लिए हमारे समर्पण के, त्रिपुरा के लिए हमारी प्रतिबद्धता के गवाह हैं. 

उन्होंने आगे कहा कि त्रिपुरा के गरीब, जनजातीय समुदाय, महिलाओं और युवाओं के सपने लेफ्ट और कांग्रेस शासन ने चूर-चूर कर दिए थे. उन्होंने लोगों को त्रिपुरा छोड़ कर जाने को मजबूर कर दिया था. बिजली-पानी पाना भी लोहे के चने चबाने जैसा था. आपने वामपंथियों को हटाया तो उसका नतीजा भी आपके सामने है. आज त्रिपुरा को मुफ्त राशन मिल रहा है, पूरा राशन मिल रहा है. इससे अगर सबसे ज्यादा फायदा किसी को हुआ है तो मेरी माताओं-बहनों को हुआ है. 

पीएम मोदी बोले, आपको यह सुनिश्चित करना चाहिए कि त्रिपुरा में एक-एक वोट बीजेपी को जाना चाहिए. आपका वोट बहुत मूल्यवान है, और सही विकल्प, 'कमल', त्रिपुरा को विकास और समृद्धि के पहले के स्तर तक ले जाएगा. हमने तीन लाख गरीब परिवारों को पक्के घर दिए हैं. मैं आज आपसे एक वादा करता हूं कि जिस भी गरीब को अब तक पक्का घर नहीं मिला है. उन्हें भी भाजपा सरकार बनने के बाद घर देने का काम तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा.

उन्होंने कहा कि त्रिपुरा को खुद को विनाश से बचाने की जरूरत; कांग्रेस और कम्युनिस्टों ने कभी भी त्रिपुरा के विकास पर ध्यान नहीं दिया. पिछले 5 वर्षों के दौरान ही लोगों के जीवन को बदलने के लिए कदम उठाए गए हैं. यह भी हमारी ही सरकार है जिसने सामाजिक भत्ते को 500 रुपये से बढ़ा कर 2 हजार रुपये किया है. पहली बार हम अपनी बहनों के लिए विशेष बचत योजना लेकर आए हैं. महिला सम्मान बचत पत्र से महिलाएं 2 लाख रुपये तक की बचत कर सकती हैं.

पीएम मोदी ने बताया कि 9 वर्ष पहले कांग्रेस और सी.पी.एम. वाले जब दिल्ली में एक साथ सरकार चलाते थे तब आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए 25 हजार करोड़ रुपये का बजट था और आज यह बजट बढ़कर 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है. यहां गोमती जिले के 40 हजार से अधिक किसानों के खातों में 80 करोड़ रुपये से अधिक पैसा भेजा गया है और इसके बीच में कोई कट नहीं, कोई चंदा नहीं. डायरेक्ट किसानों के बैंक खाते में यह पैसा पंहुचा है. 

उन्होंने आगे कहा कि त्रिपुरा के लिए भारतीय जनता पार्टी का संकल्प पत्र वास्तव में आदिवासी समुदायों के विकास पर केंद्रित रहा है. हमारी सरकार आदिवासी परिवारों के कल्याण और उनकी प्रतिष्ठा के लिए प्रतिबद्ध है. कांग्रेस और लेफ्ट गरीब को और गरीब बनाते हैं! उनके पास गरीबों के लिए अनगिनत नारे हैं, लेकिन उन्होंने कभी उनके दर्द को समझा और संबोधित नहीं किया. त्रिपुरा में आज शांति है तो यहां के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं. अपनी संस्कृति को हीन भावना से देखने वाले लेफ्ट और कांग्रेस वालों ने ना तो अतीत में कुछ किया और ना ही आगे कोई संभावना है. 

पीएम मोदी ने बताया कि पहले यहां माताओं-बहनों का जीवन बड़ा मुश्किल था लेकिन जब से भाजपा सरकार आई है तब से बेटियां माथा ऊंचा कर के घर से निकल पा रही हैं. जो शांति और सुरक्षा मिली हैं उसके कारण आज त्रिपुरा की माताएं-बहनें भाजपा को समर्थन करने जा रही हैं. कांग्रेस और लेफ्ट गरीबों को और गरीब बना देती हैं, गरीबों के नाम पर नारे तो लगाती हैं लेकिन इन्हें कभी गरीबों का दर्द दिखाई नहीं दिया. ये केरल में कुश्ती करते हैं तो त्रिपुरा में दोस्ती करते हैं.