Chandrayaan 3 Launch: आज भारत ने इतिहास रच दिया है. इसरो ने आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से चंद्रयान-3 का सफल प्रक्षेपण किया है. इस सफलता को पूरे भारत ने देखा है. इसके साथ ही इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने इस मिशन से जुड़े वैज्ञानिकों और देश के सभी लोगों को शुभकामनाएं दी हैं.
इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने लॉन्च के बाद कहा, भारत को बधाई, चंद्रयान ने चंद्रमा की अपनी यात्रा शुरू कर दी है. उन्होंने बताया कि एलवीएम 3-एम 4 रॉकेट ने चंद्रयान-3 को इसकी सटीक कक्षा में स्थापित कर दिया है. इसरो के मुताबिक, चंद्रयान 3 इसे ले जाने वाले रॉकेट LVM3-M4 से सफलतापूर्वक अलग कर दिया गया है.
चंद्रयान-3 धरती से चांद की 3.84 लाख किमी की दूरी 40 दिनों में तय करेगा. लॉन्चिंग के बाद रॉकेट इसे पृथ्वी के बाहरी ऑर्बिट तक ले जाएगा. इस दौरान रॉकेट 36 हजार किमी/घंटे की अधिकतम रफ्तार तक सफर करेगा. इसे पूरा करने में इसे 16 मिनट लगेंगे.