Uttarakhand Rozgar Mela: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तराखंड के रोजगार मेले को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि इस रोजगार मेले के लिए आप सभी को बहुत-बहुत बधाई. जिनको आज नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं उनके लिए यह नई शुरुआत का अवसर है.

उन्होंने आगे कहा कि अपने सेवा भाव से आपको, राज्य और राष्ट्र में विकास और विश्वास के प्रयासों में अपना भरपूर योगदान देना है. 'नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति' के माध्यम से भारत के युवाओं को नई सदी के लिए तैयार करने का संकल्प आज देश ने लिया है. उत्तराखंड में इस संकल्प को जमीन पर उतारने का दायित्व आप जैसे मेरे युवा साथियों के कंधे पर है.

देंखे लाइव- 

 

पीएम मोदी ने कहा कि हमारा यह निरंतर प्रयास है कि हर युवा को उसकी रूचि और योग्यता के अनुसार नए अवसर मिलें, सभी को आगे बढ़ने का उचित माध्यम मिले. सरकारी सेवाओं में भर्ती का यह अभियान भी इसी दिशा में आगे बढ़ने के लिए उठाया गया कदम है. बीते कुछ ही महीनों में केंद्र सरकार ने देश के लाखों युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए हैं. 

उन्होंने आगे कहा कि आपको राज्य के साथ-साथ राष्ट्र के निर्माण में भी तन मन से योगदान देना चाहिए. नई शिक्षा नीति में युवाओं को नई सदी के लिए अच्छी तरह तैयार करने पर फोकस किया गया है. अपनी सेवाओं के माध्यम से, आपको इस मिशन को आगे बढ़ाना है और इसे और मजबूत करना है. हमें उस पुरानी धारणा को बदलना है कि पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी पहाड़ के काम नहीं आती. इसलिए हमारा निरंतर यह प्रयास रहा है कि पहाड़ में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बनाए जाएं.

पीएम मोदी ने बताया कि आज उत्तराखंड में इंफ्रास्ट्रक्चर पर इतना निवेश हो रहा है कि दूर-सुदूर तक आना-जाना तो आसान हो ही रहा है, रोजगार के भी नए अवसर पैदा हो रहे हैं. मुद्रा ऋण देश में अब तक 38 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं. यह कई महिलाओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और युवाओं के जीवन में उद्यमियों के रूप में पहली यात्रा है. सरकार द्वारा इस तरह की नीतिगत पहलों से न केवल उत्तराखंड में, बल्कि पूरे देश के उद्यमियों को बहुत लाभ हुआ है.

उन्होंने कहा कि आज जैसे जैसे उत्तराखण्ड के दूर सुदूर के इलाके रोड, रेल और इंटरनेट से जुड़ रहे हैं. वैसे वैसे पर्यटन का भी विस्तार हो रहा है. नए पर्यटन स्थल पर्यटन के मानचित्र पर आ रहे हैं. इससे उत्तराखंड के युवाओं को वही रोजगार मिल रहे हैं जिसके लिए वो पहले बड़े शहरों का रुख करते थे. मुद्रा योजना भी रोजगार व स्वरोजगार में बड़ी मदद कर रही है. पूरे देश में 38 करोड़ मुद्रा ऋण दिए जा चुके हैं. उत्तराखंड के हमारे हजारों साथी भी इसका लाभ ले चुके हैं.

पीएम मोदी के मुताबिक, भारत के युवाओं के लिए यह अद्भुत संभावनाओं का 'अमृतकाल' है, आपको इसे अपनी सेवाओं के माध्यम से निरंतर गति देनी है.