यूपी पुलिस ने मंगलवार को 'यूपी में का बा' फेम लोकगायिका नेहा सिंह राठौर को नोटिस भेजा है. यह नोटिस कानपुर अग्निकांड को मुद्दा बनाकर गाए गए गीत को लेकर भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि नेहा ने 'का बा सीजन-2' वीडियो के जरिए समाज में तनाव और असंतोष फैलाने का काम किया है. इस नोटिस में उनसे 7 सवाल पूछे गए हैं, जिनका स्पष्टीकरण तीन दिन के भीतर देने को कहा गया है. साथ ही पुलिस ने जवाब संतोषजनक नहीं होने पर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाने की बात भी कहीं.

कानपुर की घटना पर नेहा का गीत-

कानपुर देहात के अकबरपुर थाने की पुलिस ने नेहा को यह नोटिस भेजा है. दरअसल, कानपुर में अतिक्रमण हटाने गई पुलिस ने मां-बेटी को जिंदा जला दिया था. ऐसे में नेहा सिंह राठौड़ ने 'यूपी में का बा सीजन 2' गाने के ज़रिये योगी सरकार को घेरने का प्रयास किया. जिसमें उन्होंने कहा कि बाबा के दरबार में घरों व सलाखों को तोड़ा जा रहा है, मां-बेटी को आग के हवाले किया जा रहा है.

गाने में नेहा ने क्या कहा?

नेहा ने अपने अनोखे अंदाज में गाना गाया और कहा कि दीक्षित के परिवार पर बुलडोजर चलाया जा रहा है. यूपी में बाबा के डीएम मोटा रंगबाज बा, कानपुर देहात में राम राज बा, दीक्षित के घर पर बुलडोजर बा, इसके साथ ही नेहा ने अधिकारियों और लोकतंत्र पर सवाल उठाते हुए योगी सरकार पर भी निशाना साधा.

पुलिस ने क्या पूछे सवाल?

1. वीडियो में आप खुद हैं या नहीं?
2. यदि आप स्वयं वीडियो में हैं, तो स्पष्ट करें कि क्या आपने YouTube चैनल नेहा सिंह राठौर पर 'यूपी मैं का बा सीजन 2' शीर्षक के साथ और ट्विटर अकाउंट @nehafolksinger पर अपनी ईमेल आईडी से वीडियो अपलोड किया है या नहीं?
3. नेहा सिंह राठौड़ का चैनल और ट्विटर अकाउंट @nehafolksinger आपका है या नहीं? यदि हां, तो आप इसका प्रयोग करते हैं या नहीं?
4. क्या वीडियो में इस्तेमाल किए गए गाने के बोल आपने लिखे हैं या नहीं?
5. अगर ये गाना आपने खुद लिखा है तो क्या आप इसे सर्टिफाई करते हैं या नहीं?
6. यदि यह गीत किसी और ने लिखा है, तो क्या आपने लेखक के श्रेय को सत्यापित कराया गया है?
7. क्या आप इस गाने के समाज पर पड़ने वाले प्रभाव से वाकिफ हैं या नहीं?

नेहा ने क्या कहा?

लोकगायिका नेहा सिंह ने कानपुर देहात पुलिस के नोटिस पर कहा कि मैं एक लोकतांत्रिक देश में रहती हूं और मुझे पता है कि मेरे अधिकार क्या हैं. यहां मेरे पर अपनी बड़ी फौज भेज दी है. नेहा ने आगे कहा कि मैं वकील से बात करके ही नोटिस का जवाब दूंगी. मुझे बहुत आईडिया नहीं है कि इसका प्रोसेस क्या होना चाहिए. वकील से बात करके ही मैं जवाब दूंगी.

नेहा को राजनीतिक दलों का मिला समर्थन-

वहीं नेहा को दिए नोटिस को लेकर समाजवादी पार्टी ने योगी सरकार पर निशाना साधा है. समाजवादी पार्टी की तरफ से अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक ट्विट शेयर करते हुए शायराना अंदाज में यूपी सरकार पर हमला बोला. 

तो वहीं दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने भी नेहा के ट्विट को रीट्विट करते हुए लिखा कि अपने लोकगीतों के ज़रिए सत्ता से बेबाक़ सवाल पूछने वाली लोकप्रिय गायिका नेहा सिंह राठौर ने जब गाया कि “यूपी में का बा?” तो बीजेपी सरकार ने उनके घर पुलिस के हाथों नोटिस भिजवा दिया. एक लोकगायिका की आवाज़ से इतना डर गई बीजेपी? शर्मनाक, बेहद शर्मनाक है ये..!