Heavy Rain Alert: पिछले एक हफ्ते से राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में भारी बारिश हो रही है. जिसके कारण दिल्ली के कई इलाकों में पानी भर गया है. इस साल दिल्ली में बारिश ने 41 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जबकि ऊपरी इलाकों में भारी बारिश ने दिल्लीवासियों की परेशानी बढ़ा दी.

हालांकि, दिल्ली में अब बारिश रुक गई है, लेकिन यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है. जिससे दिल्लीवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
जल स्तर 207.25 मीटर दर्ज किया गया-
राजधानी में यमुना नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ता जा रहा है. मंगलवार सुबह 8 बजे ओल्ड रेलवे ब्रिज पर नदी का जल स्तर 207.25 मीटर दर्ज किया गया. यमुना का उच्चतम बाढ़ स्तर 207.49 मीटर के करीब है. अब यमुना का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में घरों के अंदर पानी भर गया है.
जिस वजह से लोगों ने घर खाली करके दूसरी जगह शिफ्ट करना शुरू कर दिया है. फ़िलहाल, राजधानी में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं. जिसे देखते हुए केजरीवाल सरकार की तरफ से बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत शिविर केंद्र बनाये गए हैं.
जलस्तर बढ़ने के कारण पुराने लोहे के पुल को बंद कर दिया गया है. इसके ऊपरी हिस्से से न तो ट्रेनें गुजर रही हैं और न ही निचले हिस्से से गाड़ियां गुजर सकती हैं. इसके अलावा ट्रेनों के रूट भी बदल दिए गए हैं. हरियाणा के हथिनीकुंड से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण कल यमुना का जलस्तर ख़तरे के निशान तक पहुंच गया था. आज भी यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. आज सुबह 10 बजे तक नदी का जलस्तर 207.25 मीटर था.