भोपाल. मध्यप्रदेश में लगातार हो रही बारिश से नदियां और नाले उफना गए हैं। राजधानी भोपाल में सोमवार रात तेज बारिश हुई। राजधानी में रात 12.30 बजे तक 4 इंच बारिश हो चुकी थी। बारिश के कारण शहर में जगह-जगह सड़कों पर पानी भर गया। तेज बरसात के कारण प्रदेशभर में हादसे भी हो रहे हैं. प्रदेश के आदिवासी बाहुल्य जिले बैतूल में भी एक ऐसा ही हादसा हुआ जब एक युवक बाढ़ से उफनाती नदी में फंस गया. वह कई घंटे तक नदी के बीच फंसा रहा।

जानकारी के अनुसार बैतूल जिले के बाटका गांव के युवक रामदास सेलूकर के साथ यह वाकया हुआ. सोमवार को वह दोपहर में मछली पकड़ने के लिए भडंगा नदी पर गया था। अचानक नदी में बाढ़ आ गई जिससे वह बीच में ही एक चट्टान पर फंस गया। पुलिस प्रशासन को सूचना मिलने के बाद उसे रात करीब पौने 8 बजे रेस्क्यू किया गया। उफनाती नदी में फंसे युवक को मौत मंडराते नजर आ रही थी. इस दौरान वह बचाने के लिए बार—बार गुहार लगाता रहा. वह करीब 7 घंटे तक नदी के बीच फंसा रहा।

इधर तेज बरसात से भोपाल के कई इलाकों में दो-दो फीट तक पानी भर गया. शहर के मिसरोद थाना, भोपाल टॉकीज, सेफिया कॉलेज रोड, बैरागढ़ की कॉलोनियां, लालघाटी, गुफा मंदिर रोड स्थित कॉलोनियां, अयोध्या नगर की कॉलोनियां, सिंधी कॉलोनी, इब्राहिमगंज, शांति नगर, सेमरा, कटारा हिल्स, बीडीए कॉलोनी सलैया कोहेफिजा कॉलोनी, शाहपुरा, संजय नगर आदि में दो-दो फीट तक पानी भर गया। इसके साथ ही सिंधी कॉलोनी रोड, लिंक रोड नंबर 1, वीआईपी रोड, बाणगंगा चौराहा, बागमुगालिया रोड, ऑरा मॉल के सामने, बैरागढ़ से लालघाटी रोड, हमीदिया रोड कोहेफिजा रोड भी पानी में डूब गईं।

भोपाल की सबसे बिजी कही जानेवाली वीआईपी रोड भी जगह-जगह पानी में डूब गई। सोमवार को एमपी के कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश भोपाल जिले में दर्ज हुई. यहां रात 12:30 तक 4 इंच बारिश हो चुकी थी।। इसके अलावा सोमवार सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक जबलपुर में 17 मिमी, गुना और पचमढ़ी में 15-15 मिमी, मंडला में 8 मिमी बारिश दर्ज की गई।