केरल के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओमान चांडी का मंगलवार (18 जुलाई) को निधन हो गया। वे 79 वर्ष के थे और लम्बे समय से बीमार चल रहे थे और उनका बेंगलुरु के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था।
ओमान चांडी के निधन की जानकारी उनके बेटे ने दी। उन्होंने ओमान चांडी के फेसबुक पेज पर लिखा कि अप्पा नहीं रहे। दो बार केरल के सीएम रहे ओमान चांडी ने बेंगलुरु में मंगलवार को अंतिम सांस ली।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा- केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और एक कट्टर कांग्रेसी नेता ओमन चांडी को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि, जो जनता के नेता के रूप में खड़े रहे। उनकी अटूट प्रतिबद्धता और दूरदर्शी नेतृत्व ने केरल की प्रगति और देश के राजनीतिक परिदृश्य पर एक अमिट छाप छोड़ी। उन्हें लोगों के प्रति उनके समर्पण और सेवा के लिए याद किया जाएगा।
कौन थे ओमन चांडी?
ओमन चांडी दो बार 2004-06 और 2011-16 तक केरल के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने 27 साल की उम्र में 1970 के राज्य विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करके विधायक के रूप में अपना कार्यकाल शुरू किया। तब से लगातार 11 चुनाव जीते। चांडी ने पिछले पांच दशकों में केवल अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र पुथुप्पल्ली का प्रतिनिधित्व किया।
.