भोपाल: एमपी स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स की क्षेत्रीय इकाई जबलपुर, वनमंडल दक्षिण सिवनी, वनमंडल दक्षिण बालाघाट एवं पुलिस थाना लांजी के द्वारा संयुक्त रूप से घेराबंदी कर कचहरी चौक सिवनी से आमिर हुसैन निवासी सिलचर जिला कछार असम व अमूल्य मंडल जिला कूच बिहार पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार किया है।
उक्त आरोपियों के विरूद्ध 20 सितम्बर 2014 को वन्यप्राणी पेंगोलिन के शिकार व उसके अवयवों की तस्करी के संबंध में पंजीबद्ध किया गया था। विगत 2 वर्षो से उक्त आरोपी फरार थे तथा इनके विरूद्ध माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी लांजी जिला बालाघाट द्वारा स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। इन तस्करों द्वारा पेंगोलिन के स्केल्स मुख्यत: उड़ीसा, छत्तीसगढ़, आन्ध्रप्रदेश, मध्यप्रदेश से खरीदे जाते है तथा उसे असम, मिजोरम, मेघालय के व्यापारी को बेचा जाता है, जहां व्यापारियों के द्वारा उसे म्यामार (बर्मा) होते हुये चीन भेजा जाता है।
टाईगर स्ट्राईक फोर्स द्वारा दुर्लभ प्रजाति वन्यप्राणी पेंगोलिन के अवयवों की तस्करी का अतंर्राज्जीय एवं अतंर्राष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इसमें 197 आरोपियों को देश के 15 राज्यों से गिरफ्तार किया जा चुका है। इंटरपोल द्वारा पेगोंलिन को विश्व में सबसे ज्यादा तस्करी किया जाने वाला स्तनपायी कहा है। वन्यप्राणी पेंगोलिन के अवयवों की तस्करी एशिया व अफ्रीका के कई देश से की जाती हैं। इसकी मांग मुख्यत: चीन, म्यामार, थाईलैण्ड, मलेशिया, हांगकांग, वियतनाम आदि देशों में है।