मध्यप्रदेश के सिवनी में तालाब में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। बच्चे तालाब में नहाने गए थे। नहाने के दौरान चारों बच्चे गहरे पानी में चले गए। रात में बच्चों के शव तालाब से निकाल लिए गए। बच्चों की मौत की खबर मिलते ही गाँव में कोहराम मच गया।  

पोस्टमार्टम के बाद देर रात बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना सिवनी जिले के कुरई थाना की है। बच्चे जब तालाब पर गए तब उनके परिजन खेत पर काम करने गए थे। जब परिजन वापस लौटे तो बच्चे घर पर नहीं थे। इसके बाद उन्हें तलाशना शुरू किया।

हादसे में जान गंवाने वालों में ऋषभ पिता प्यारे लाल विश्वकर्मा (5), आरव पिता यशवंत तुमराम (6), ऋतिक पिता सुनील चक्रवर्ती (10),आयुष पिता सोनू बाम्हने (8) शामिल हैं। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में गमगीन माहौल है।

जान गंवाने वाले सभी बच्चों की उम्र महज 5 से 10 साल के बीच है। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है। हादसे के कारणों का पता लगाने के बाद हादसे के जिम्मदारों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।