सड़कों और पुलों का बड़े पैमाने पर निर्माण करने वाले श्री जी इंफास्ट्रक्चर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कार्यालयों पर आज सुबह जबलपुर से पहुंची सीबीआई की टीम ने छापेमारी की। जानकारी के अनुसार, जैसे ही सीबीआई की टीम ने कार्यालय में प्रवेश किया तो वहां मौजूद सभी कंपनी के अधिकारी व कर्मचारी कार्यालय से नदारद हो गए इस दौरान सीबीआई के अधिकारियों ने वहां पर मौजूद लोगो से बातचीत की और अंत में कार्यालय व मैनेजर के घर को सील कर मौके से रवाना हो गए।
बताया जाता है कि इस छापे से कंपनी के अघोषित रूप से पार्टनर अफसरों की मुश्किलें बढ़ सकती है। दरअसल, सीबीआई की टीम को शिकायत मिली थी कि कटनी रेलवे लाइन पर बन रहे पुल में श्रीजी कंस्ट्रक्शन कंपनी ने रेल और एनएचएआई अधिकारियों के साथ मिलकर लाखो रुपए का फर्जीवाड़ा किया है।
शिकायत के बाद सीबीआई के अधिकारियों ने श्रीजी कंस्ट्रक्शन कंपनी के कटनी में ऑफिस में एक साथ दबिश दी। कुछ रेल अधिकारी भी पूछताछ के घेरे में हैं। श्रीजी कंस्ट्रक्शन द्वारा कटनी जिले की बायपास की करीब 20 किमी सड़क टूलेन से बढ़ाकर फोरलेन का काम कर रही है। इसी 20 किमी के बीच रेलवे लाइन जाती है। इसी पर निर्माण होने वाले ब्रिज को लेकर कथित तौर पर पैसों की सौदेबाजी हुई थी। इसकी शिकायत दिल्ली और भोपाल सीबीआई तक जा पहुंची थी।