मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सत्ताधारी भाजपा और विपक्षी कांग्रेस ने चुनावी वादों का पिटारा खोल दिया है।इस सिलसिले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कृषि न्याय योजना का ऐलान किया। इसके तहत उन्होंने पांच बड़ी घोषणाएं कर किसानों पर फोकस कर दिया।
भोपाल में कमलनाथ ने बुधवार को मीडिया से चर्चा में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मध्यप्रदेश के किसानों के लिये 5 बड़ी घोषणायें की। कमलनाथ ने कहा कि सरकार आने पर वे इन घोषणाओं को लागू करेंगे।
1. 5 हॉर्स पावर का बिल माफ
2. बिजली का बकाया माफ
3. किसानों का क़र्ज़ा माफ
4. आंदोलनों के मुक़दमे माफ
5. 12 घंटे बिजली का रास्ता साफ
इसके अलावा कमलनाथ ने शिवराज सरकार द्वारा किसानों पर दर्ज मुकदमे भी वापस लिए जाने की घोषणा की। कमलनाथ ने कहा कि पिछली सरकार में हमने किसानों का कर्ज माफ करने की नीति बनाई थी। पहली किस्त में 27 लाख किसानों का कर्ज माफ भी कर दिया था। कर्ज माफी की जो घोषणा हमने की थी, उसे चलाते रहेंगे। दूसरी, तीसरी किस्त में कर्ज माफी करेंगे।
नर्मदा सेवा सेना का गठन
कमलनाथ ने बताया कि हम नर्मदा सेवा सेना बना रहे हैं। प्रदेश के जिन 28 इलाकों में नर्मदा गुजरती हैं, वहां इस सेना के सदस्य बनाए जाएंगे। यह गैर राजनीतिक संगठन होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह भी इसके सदस्य बन सकते हैं। मैं शिवराज सिंह को भी इसका सदस्य बनने के लिए आमंत्रित करता हूं।