शिवराज कैबिनेट ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 4% बढ़ाकर 42% करने को मंज़ूरी दे दी। साथ ही अब लाड़ली बहना योजना में जिन परिवारों में ट्रैक्टर हैं, वे महिलाएं भी आवेदन कर सकेंगी। इससे अब 18 लाख और महिलाओं को लाभ मिलने की संभावना है।

मंगलवार को कैबिनेट बैठक में 'लाड़ली बहना योजना' के आवेदन की उम्र 23 से घटाकर 21 साल कर दी गई है। पहले यह 23 साल से 60 साल तक थी। निवाड़ी में कृषि विभाग के 19 नए पद स्वीकृत किए गए हैं।

निर्णयों की जानकारी देते हुए गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि मध्यप्रदेश में 1 हजार 842 करोड़ रुपए से सड़कों का जाल बिछाया जाएगा। साथ ही ग्वालियर में स्वर्ण रेखा नदी पर फोरलेन एलिवेटेड रोड कॉरिडोर और फ्लाईओवर बनेगा। यह मध्यप्रदेश में किसी नदी के ऊपर बनने वाला पहला एलिवेटेड रोड होगा।

भोपाल में संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) में सीवेज पंप हाउस लाऊखेड़ी से नगर निगम विसर्जन घाट तक फ्लाईओवर निर्माण को भी कैबिनेट ने स्वीकृति दी है। इसका निर्माण भी सेंट्रल रोड इंफ्रॉस्ट्रक्चर फंड के तहत होगा। 306.40 करोड़ रुपए से बनेगा।

ये फैसले भी हुए

1 नवगठित जिला निवाड़ी हेतु विभागीय अमले सहित कार्यालय खोलने की स्वीकृति बैठक मैं दी जएगी

2 केन्द्रीय सड़क अधोसंरचना निधि अंतर्गत मालीवाया से सलकनपुर नीलकछार तक फोरलेन मार्ग का निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति

3 राज्य योजनान्तर्गत इन्दौर इच्छापुर मार्ग से ओंकारेश्वर नये बस स्टैण्ड तक 4 लेन सड़क निर्माण कार्य (राज्य मद) की प्रशासकीय स्वीकृति

4 केन्द्रीय सड़क अधोसंरचना निधि अंतर्गत नागोद से मैहर व्हाया सुरदहा परसमनिया रामपुर मैहर मार्ग का निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति

5 केन्द्रीय सड़क अधोसंरचना निधि अंतर्गत शाहपुर रंगोली गिरवर भैंसवाही हिनगन ढाना भोकलपुर चौराहा (एनएच-44 ) तक मार्ग का निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति

6 केन्द्रीय सड़क अधोसंरचना निधि अंतर्गत भोपाल शहर में भोपाल- इन्दौर मार्ग पर संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) में सीवेज पंप हाउस लाऊखेड़ी से नगर निगम विसर्जन घाट तक फ्लाई ओव्हर का निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति जारी करने के अनुमोदन पर चर्चा

7 केन्द्रीय सड़क अधोसंरचना निधि अंतर्गत ग्वालियर शहर के अंतर्गत महारानी लक्ष्मीबाई प्रतिमा से गिरवाई पुलिस चौकी ए.बी. रोड (एन. एच. - 46 ) तक स्वर्णरेखा नदी पर फोरलेन ऐलीवेटेड कॉरीडोर / फ्लाय ओव्हर का निर्माण कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति