मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारी और जवान जनता की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण हाल ही में देवास के नेमावर में देखने को मिला, यहां पदस्थ निरीक्षक राजाराम वास्कले ने अपना कर्तव्य का पालन करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। मध्यप्रदेश पुलिस उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करती है और इस दुख की घड़ी में पूरा पुलिस महकमा उनके परिवार के साथ है। डीजीपी सुधीर कुमार सक्सेना ने पुलिस मुख्यालय के पुलिस ऑफिसर्स मेस में पहली बार आयोजित डायरेक्टर जनरल्स कमंडेशन रोल (डीजीसीआर) अवॉर्ड सेरेमनी में यह बात कही।
उन्होंने कहा कि पुलिस को हमेशा चुनौतियों का और गलती होने पर आलोचना का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कुल 57 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और डिस्क देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्पेशल डीजी जीपी सिंह, स्पेशल डीजी (प्रशासन) डॉ. श्रीनिवास राव सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा पहली बार डायरेक्टर जनरल्स कमंडेशन रोल (डीजीसीआर) अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन किया गया। वर्ष 2002 से पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र एवं डिस्क प्रदाय किया जाता है। यह अवॉर्ड विभाग के उन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया जाता है।
इनमें ऐसे कर्मचारी और अधिकारियों को शामिल किया जाता है, जिन्होंने अपनी कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए कानून व्यवस्था को बनाए रखने में योगदान दिया है। इसके अंतर्गत दस्यु विरोधी अभियान, नक्सल विरोधी अभियान एवं अन्य अभियानों के दौरान प्रशंसनीय उपलब्धियां प्राप्त करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों प्राकृतिक आपदा के दौरान और अनसुलझे प्रकरण सुलझाने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाता है।
वहीं जिनका कार्यकाल 15 वर्ष तक लगातार उत्कृष्ट रहा एवं उनका रिकॉर्ड स्वच्छ रहा हो, उन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाता है। इसके अतिरिक्त अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी व कर्मचारी को भी ये सम्मान दिया जाता है।