मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल अलीराजपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिसकर्मियों पर चोरी का आरोप लगा है, जिसके चलते उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिसकर्मियों पर महिला को धमकाने और सोने के सिक्के छीनने का आरोप है।
पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में गए और आदिवासी महिला को धमकाया और महिला से 240 सोने के सिक्के छीनकर भाग गए, जिसके बाद एसपी ने कार्रवाई की है। दरअसल, जिले के सोंडवा थाना अंतर्गत बैजदा गांव के एक ग्रामीण ने आरोप लगाया है कि 19 जुलाई को सुबह 11 बजे टीआई विजय देवड़ा समेत चार पुलिसकर्मी उसके घर आए और घर में मौजूद महिला के साथ मारपीट की और जमीन में दबे 240 सोने के सिक्के निकाल कर लेगए।
अलीराजपुर एसपी हंसराज सिंह ने टीआई विजय देवड़ा सहित तीन अन्य आरक्षकों सुरेंद्र, राकेश और वीरेंद्र को निलंबित कर दिया है। इस मामले में एक TI और तीन अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। वहीं थाना प्रभारी विजय देवड़ा ने वीडियो जारी कर खुद को दोषमुक्त बताया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।