मध्यप्रदेश में आने वाले कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में प्रदेश में सभी दलों के बड़े नेताओं के दौरे शुरु हो गए हैं। इसी क्रम में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज ग्वालियर में एक जनसभा को संबोधित किया। यहां प्रियंका ने कुछ देर के लिए सभा को स्थानीय बोली में संबोधित किया।
उन्होंने बुंदेलखण्ड और अपनी दादी इंदिरा गांधी की वीरता का भी जिक्र किया। प्रियंका ने सभी भाइयों-बहनों को राम-राम कहा... मैं पहले भी पीतांबरा दर्शन के लिए आई हती, मोई दादी इंदिरा जी आपके क्षेत्र में आई हतीं, उन्ने मोए रानी लक्ष्मीबाई की कहानी खूब सुनाई हती। मोए तुमाए क्षेत्र की वीरता और साहस की कहानी पतो हैं।
उन्होंने संबोधन के आखिरी में कहा कि ग्वालियर वाले ए बारी मामा जी की भ्रष्ट सरकार बदलवे बारे हैं। एक बार हमाए संगे जोर से बोलो भाजपा जाएबे बारी है, कांग्रेस आएबे बारी है।
प्रियंका गांधी के ग्वालियर दौरे को लेकर वैसे भी काफी कुछ कहा और सुना जा रहा था। कांग्रेस को ग्वालियर अंचल से बड़ी उम्मीदें हैं। साथ ही कांग्रेस सिंधिया के इस गढ़ को फतह करने एड़ी-चोटी का ज़ोर लगा रही है। प्रियंका गांधी का ग्वालियर दौरा इसी क्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरने और वोट बैंक को लुभाने की दिशा में एक बड़ कदम माना जा रहा है।