मध्यप्रदेश के विदिशा से एक ढाई साल की बच्ची के बोरवेल में गिरने की ख़बर सामने आई है। सूचना मिलने के बाद प्रशासन की टीम जेसीबी की मदद से बच्ची को बाहर निकालने की कोशिश कर रही है।
ऐसा बताया जा रहा है, कि ये बोरवेल घर के बाहर आंगन में ही है। इसकी गहराई 15 फीट से ज्यादा की बताई जा रही है। घटना सिरोंज-कुरवाई रोड स्थित एक गांव की है। यहां इंदर सिंह की बेटी अस्मिता सुबह 10 बजे घर के आंगन में खेल रही थी, तभी बोरवेल में गिर गई। इंदर सिंह ने बताया कि लड़की जीवित है। अगर आप उसे कुछ कहते हैं तो वह अंदर से जवाब भी दे रही है।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भी घटना के संबंध में ट्वीट करके बच्ची के गिरने से संबंधित जानकारी साझा की है। उन्होंने लिखा है, कि प्रभार जिला विदिशा के कजरी बरखेड़ा, ग्राम पंचायत कूजा जनपद सिरोंज की निवासी 2.5 वर्षीय बेटी अस्मिता अहिरवार पुत्री इंदरसिंह अहिरवार के बोरवेल में गिरने की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी से दूरभाष पर बचाव कार्य की जानकारी ली एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। मैं निरंतर जिला प्रशासन के साथ संपर्क में हूं। बच्ची को बोरवेल से सकुशल बाहर निकालने के लिये प्रशासनिक अमला युद्ध स्तर पर जुटा हुआ है।