भोपाल: अपने गृह जिले में कैबिनेट मंत्री डॉ कुंवर विजय शाह किन्नर के आशियाना में पहुंचे। डॉ शाह के पहुंचते ही किन्नर परिवार खुशी से झूम उठे। उनके बीच पहुंचकर डॉक्टर शाह ने कहा कि किन्नरों को समाज में भले ही अपमानित होना पड़ता हो, लेकिन उन पर भगवान की विशेष कृपा होती है।
गुरुवार को आदिमजाति कल्याण मंत्री डॉ कुंवर विजय शाह किन्नरों के घर पहुंचे तो किन्नरो को ऐसा लगा कि कोई फरिश्ता उनके घर आया है, क्योंकि उनके जीवन में ऐसा खुशी का पल पहली बार आया, जब कैबिनेट मंत्री और मकड़ाई राजघराना के राजा साहब ने किन्नरों के चरण छू कर आशीर्वाद लिया ओर किन्नरो के हाथ से बना हुआ भोजन किया।
इस पल से समस्त किन्नर खुशी से झूम उठे और ढोल पर नृत्य करने लगे। किन्नरों ने शाह की आरती उतारी और मिठाइयां बांटी। साथ ही लंबी उम्र की दुआएं दी। इस दौरान मंत्री शाह ने कहा की किन्नर हमेशा दूसरे की खुशी में हंसते गाते, नाचते दिखाई देते हैं परंतु उनके अपने निजी जीवन में जो सुख दुख है, जिसमें वे नितांत अकेले हैं।आज उन्हें मैं खुशियां देने उनके साथ प्यार बांटने के लिए आया हूं, क्योंकि यह भी हमारे समाज का हिस्सा है इनको भी बराबरी का मान सम्मान ओर इज्जत मिलना चाहिए।
मंत्री शाह ने अपने जीवन में हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने हेतु हर संभव प्रयास किया है। डॉ शाह ने कहा कि बड़ा आदमी वही है, जो अपने पास बैठे व्यक्ति को छोटा महसूस न होने दे।