देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है. जिससे दिल्लीवासियों की चिंता बढ़ गई है. आज यमुना नदी का जलस्तर 205.81 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से थोड़ा ऊपर है.
लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया-
हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण कल नोएडा में निचले इलाकों में कई घर डूब गए. तुरंत पुलिस भी मौके पर पहुंची. फिर नदी में पानी का प्रवाह बढ़ने के कारण गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने हिंडन के साथ निचले इलाकों के लिए बाढ़ की चेतावनी जारी की.
इसके साथ ही अलर्ट घोषित होने के बाद पांच गांवों के करीब 200 लोगों को आश्रय गृहों में स्थानांतरित कर दिया गया है. गौतमबुद्ध नगर में बाढ़ राहत कार्य के नोडल अधिकारी ने बताया कि हिंडन फिलहाल खतरे के निशान से थोड़ी नीचे बह रही है.
राजधानी में बाढ़ के हालात-
यमुना नदी 13 जुलाई को 208.66 मीटर के सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद धीरे-धीरे कम हो रही थी. लेकिन, पिछले दो-तीन दिनों में जलस्तर में कुछ उतार-चढ़ाव देखा गया है. आठ दिनों तक खतरे के निशान से ऊपर बहने के बाद 18 जुलाई की रात आठ बजे जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आ गया था.
यमुना का जलस्तर 10 जुलाई की शाम पांच बजे खतरे के निशान को पार कर गया था. इससे राजधानी में पानी भर गया था. नदी का जलस्तर बढ़ने से दिल्ली में कई जगहों पर जलभराव और बाढ़ का सामना करना पड़ा. अब एक बार फिर जलस्तर बढ़ने लगा है.